बस्ती। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज में उस समय अव्यवस्था सामने आई जब राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले, जबकि एक अन्य कर्मचारी निर्धारित समय से काफी देर से, सुबह 10:30 बजे ड्यूटी पर पहुंचे।
कर्मचारियों की गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली और अस्पताल की अव्यवस्था पर एकता सिंह ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही जनता की जान के साथ खिलवाड़ के समान है और दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए और कहा कि निकट भविष्य में पुनः निरीक्षण किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल में व्याप्त समस्याओं को सामने रखा, जिस पर एकता सिंह ने समाधान का भरोसा दिलाया।