बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र के पेठिया लश्करी गांव में सोमवार देर रात प्रधानी की पुरानी रंजिश में युवक को गोली मार दी गई। गोली युवक अशोक के सिर के पास कनपटी पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय अशोक घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था।
अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर घर के लोग बाहर निकले तो अशोक लहूलुहान हालत में पड़ा था।परिजनों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर एसपी, सीओ, दुबौलिया पुलिस और भारी पुलिस बल पहुंच गया। घायल अशोक को पहले अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि अशोक ने कुछ दिन पहले गांव के प्रधान द्वारा कराए गए निर्माण कार्य में गड़बड़ी को लेकर लोकायुक्त में शिकायत की थी। इसके बाद से ही उसे धमकियां मिल रही थीं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।